हल्द्वानी। कालाढूंगी-नैनीताल मोटर मार्ग पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए परिवहन विभाग ने बड़ी पहल की है। मार्ग का वैज्ञानिक एवं तकनीकी हाईवे ऑडिट (साइंटिफिक हाईवे ऑडिट) कर सात ऐसे स्थानों को चिन्हित किया गया है, जहां सबसे अधिक सड़क हादसे होते हैं। विशेषज्ञ टीम ने इन ब्लैक स्पॉट पर तत्काल सुरक्षा सुधार के निर्देश दिए हैं।
संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) हल्द्वानी के प्रस्ताव पर संयुक्त परिवहन आयुक्त राजीव कुमार मेहरा के नेतृत्व में 2 जुलाई को परिवहन विभाग, लोक निर्माण विभाग, पुलिस विभाग और लीड एजेंसी की संयुक्त टीम ने कालाढूंगी से नैनीताल तक पूरे मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क की बनावट, तीखे मोड़, ढाल, दृश्यता, सुरक्षा अवरोधक (क्रैश बैरियर), चेतावनी संकेतक और अन्य सुरक्षा मानकों का गहन परीक्षण किया गया।
इन सात स्थानों पर सबसे अधिक दुर्घटनाएं
निरीक्षण के दौरान जिन स्थानों को अत्यधिक दुर्घटना संभावित (ब्लैक स्पॉट) माना गया, उनमें मंगोली, घटगढ़, ब्रह्मबाबा मंदिर के समीप, प्रिया बैंड-1, प्रिया बैंड-2, लाल मिट्टी क्षेत्र तथा कालाढूंगी की ओर भाखड़ पुल से करीब 200 मीटर पहले का हिस्सा शामिल है। इन सभी स्थानों पर आए दिन सड़क हादसे होने की घटनाएं सामने आती रही हैं।
पीडब्ल्यूडी को दिए गए तत्काल कार्रवाई के निर्देश
निरीक्षण के दौरान मौजूद लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को चिन्हित स्थानों पर त्वरित सुरक्षा सुधार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही लीड एजेंसी को विस्तृत तकनीकी रिपोर्ट तैयार कर दीर्घकालिक सुरक्षा उपायों का प्रस्ताव प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है, ताकि भविष्य में दुर्घटनाओं की संख्या कम की जा सके।
टैंपो ट्रैवलरों में ब्रेक फेल होने की होगी तकनीकी जांच
कालाढूंगी-नैनीताल मार्ग पर टैंपो ट्रैवलरों में ब्रेक फेल होने की लगातार मिल रही शिकायतों को भी गंभीरता से लिया गया। विशेषज्ञ टीम ने स्वयं एक टैंपो ट्रैवलर में यात्रा कर मार्ग की परिस्थितियों और वाहन के प्रदर्शन का परीक्षण किया। इस संबंध में विस्तृत तकनीकी रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) अरविंद पाण्डेय, संयुक्त परिवहन आयुक्त राजीव कुमार मेहरा, सड़क सुरक्षा से जुड़े परिवहन, लोक निर्माण एवं पुलिस विभाग के अधिकारी तथा कालाढूंगी थाना पुलिस मौजूद रही।
