उत्तराखंड में विज्ञान, तकनीक और नवाचार पर मंथन, 27 जुलाई को देहरादून में जुटेंगे मुख्यमंत्री सहित देश के विशेषज्ञ
देहरादून। उत्तराखंड में विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से 27 जुलाई (सोमवार) को देहरादून के आईआरडीटी ऑडिटोरियम, सर्वे चौक में एक विशेष सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। द पायनियर और उत्तराखंड स्टेट काउंसिल फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी (UCOST) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का विषय “समृद्ध उत्तराखंड के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार का मुख्यधारा में समावेशन” रखा गया है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी होंगे। वहीं विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री प्रदीप बत्रा और विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
सम्मेलन में विज्ञान, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, शहरी विकास और सूचना तंत्र से जुड़े कई प्रमुख विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे। इनमें यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत, एमडीडीए के उपाध्यक्ष एवं सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी, एम्स गुवाहाटी के अध्यक्ष डॉ. बी.के.एस. संजय, जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. शिवेंद्र कुमार कश्यप तथा दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल प्रमुख रूप से शामिल होंगे।
सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक चलने वाले इस सम्मेलन में उत्तराखंड में विज्ञान आधारित विकास, नई तकनीकों के उपयोग, नवाचार को बढ़ावा देने और राज्य को आत्मनिर्भर एवं समृद्ध बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा होगी।
