पंतनगर में 15 जून की 8 लाख की चोरी का खुलासा, 160 ग्राम सोना और 1 किलो चांदी बरामद
रुद्रपुर, 16 जुलाई: ऊधम सिंह नगर पुलिस ने पंतनगर क्षेत्र में जून में हुई लाखों रुपये की चोरी का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 160 ग्राम सोने के आभूषण, एक किलो चांदी के आभूषण और चोरी में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 16 जून को शांतिपुरी नंबर-1 निवासी प्रकाश चंद ने थाना पंतनगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 15/16 जून की रात अज्ञात चोर उनके नवनिर्मित मकान की खिड़की की ग्रिल हटाकर घर में घुस गए और अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषणों के साथ करीब 7 से 8 लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए। इस संबंध में थाना पंतनगर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर मामले के खुलासे के लिए चार विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से 15 जुलाई को अजय उर्फ अज्जू (28), निवासी गडरियाबाग, किच्छा को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर चोरी के 160 ग्राम सोने के आभूषण, एक किलो चांदी के आभूषण, भगवान गणेश और माता लक्ष्मी की प्रतिमाएं तथा चोरी में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई। जांच में पता चला कि यह मोटरसाइकिल ट्रांजिट कैंप क्षेत्र से चोरी की गई थी और उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर वारदातों को अंजाम दिया जाता था।
आरोपी ने पूछताछ में यह भी स्वीकार किया कि चोरी की गई करीब 7 लाख रुपये की नकदी अपने बैंक खातों में जमा कर दी थी। पुलिस ने संबंधित बैंक खातों को फ्रीज कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, इस वारदात में एक अन्य आरोपी की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अजय उर्फ अज्जू के खिलाफ चोरी, नकबजनी और आयुध अधिनियम समेत विभिन्न मामलों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी के आपराधिक नेटवर्क और अन्य वारदातों में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
