रुद्रपुर
50 लाख की सरकारी जमीन कराई मुक्त नानकमत्ता। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अपराध और नशे के कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत ऊधम सिंह नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात हिस्ट्रीशीटर और गैंगस्टर तारा सिंह के अवैध कब्जे पर बुलडोजर चला दिया। सिंचाई विभाग, तहसील प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में करीब दो एकड़ सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 50 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत नानकमत्ता क्षेत्र में अपराधियों द्वारा अर्जित अवैध संपत्तियों का चिन्हीकरण किया जा रहा है। जांच के दौरान सामने आया कि हिस्ट्रीशीटर तारा सिंह पुत्र गुरदयाल सिंह और उसके परिजनों ने नानकसागर बांध स्थित सिंचाई विभाग की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर पक्का निर्माण कर रखा था।
पुलिस के अनुसार उक्त परिसर का इस्तेमाल लंबे समय से स्मैक, हेरोइन और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी तथा बिक्री से जुड़ी गतिविधियों के लिए किया जा रहा था। मामले में सिंचाई विभाग द्वारा नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई की गई। इसके बाद शनिवार को तहसील प्रशासन, सिंचाई विभाग, पुलिस, पीएसी और फायर सर्विस की संयुक्त टीम भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मौके पर पहुंची और बुलडोजर से अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई के दौरान एक अवैध धार्मिक संरचना (मजार) को भी हटाया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने बताया कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराकर विभाग के कब्जे में सौंप दिया गया है।
27 मुकदमों का आरोपी है तारा सिंह
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार तारा सिंह पर डकैती, लूट, अपहरण, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत कुल 27 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वर्तमान में वह जेल में निरुद्ध है। उसके परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम और अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।
अवैध संपत्तियों पर जारी रहेगा प्रहार
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि नशा तस्करों, गैंगस्टरों और संगठित अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनपद में अपराध और नशे के कारोबार के लिए कोई स्थान नहीं है तथा ऐसे तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
