पुलिस टीम से मारपीट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, सरकारी कार्य में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज
रुद्रपुर। ड्यूटी के दौरान पुलिस टीम के साथ मारपीट, धक्का-मुक्की और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में रुद्रपुर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 1 अगस्त 2026 को डायल-112 पर सूचना मिली कि झील के पास कुछ लोग बच्चों के साथ मारपीट कर रहे हैं। सूचना मिलने पर कोतवाली रुद्रपुर से वरिष्ठ उप निरीक्षक खुशवंत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
बताया गया कि पुलिस के पहुंचते ही दो व्यक्तियों ने पुलिस कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी तथा सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर कोतवाली रुद्रपुर पहुंचाया।
तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 121(1), 351(2) एवं 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में गुरप्रीत सिंह (27) निवासी प्रीत विहार, रुद्रपुर (मूल निवासी पंजाब) तथा सुरजीत कुमार (28) निवासी बेस पड़ेमा, थाना जहानाबाद, जनपद पीलीभीत (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि दोनों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।
