नई टिहरी
टिहरी जनपद के भिलंगना विकासखंड के मेंडू सिंदवालगांव निवासी 21 वर्षीय अमर शहीद रोहित रावत का शुक्रवार को भिलंगना नदी के तट पर पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। जम्मू-कश्मीर के राजौरी सेक्टर में देश सेवा के दौरान शहीद हुए रोहित को अंतिम विदाई देने के लिए सैकड़ों लोग जुटे। शोक और गर्व के मिश्रित भावों के बीच हर आंख नम थी और पूरा क्षेत्र अपने वीर सपूत को श्रद्धांजलि देने उमड़ पड़ा।
अंतिम संस्कार के दौरान सेना के जवानों ने शहीद रोहित रावत को सलामी देकर सम्मानित किया। “भारत माता की जय” और “रोहित रावत अमर रहें” के नारों से वातावरण गूंज उठा। शहीद की अंतिम यात्रा में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
क्षेत्रीय विधायक शक्तिलाल शाह ने शहीद के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि रोहित रावत ने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देकर पूरे क्षेत्र और देश का नाम रोशन किया है। उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा। विधायक ने शहीद की स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने के लिए उनके नाम पर एक स्मृति द्वार बनाने की घोषणा भी की।
रोहित रावत वर्ष 2024-25 में अग्निवीर सैनिक के रूप में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। कम उम्र में ही उन्होंने देश सेवा का सपना पूरा किया और मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दे दिया। उनकी शहादत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
शहीद रोहित के पिता सुरेन्द्र सिंह दुबई के एक होटल में कार्यरत हैं। बेटे के शहीद होने की सूचना मिलते ही वह तत्काल अपने गांव लौट आए। परिवार में उनकी वृद्ध दादी, मां और एक छोटा भाई है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर व्याप्त है और हर कोई इस असमय हुए बलिदान से भावुक है।
रोहित रावत ने अपनी प्रारंभिक और इंटरमीडिएट तक की शिक्षा नव जीवन आश्रम इंटर कॉलेज घुत्तू से प्राप्त की थी। विद्यालय के शिक्षकों और उनके साथ पढ़ने वाले साथियों ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि रोहित शुरू से ही अनुशासित, मेहनती और देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत युवा थे।
स्थानीय निवासी भजन रावत ने बताया कि जम्मू कश्मीर में हमारे क्षेत्र का जो युवा शहीद हुआ है आज पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है, इतनी छोटी उम्र में रोहित ने मां भारती के चरणों में अपना सर्वस्व बलिदान किया हमें रोहित पर गर्व है, उन्होंने सरकार ने निवेदन किया कि जिस तरह एक सैनिक को पूर्ण सम्मान और शहीद का दर्जा मिलता है ठीक उसी तरह अग्निवीर जवानों को सम्मान और शहीद का दर्जा दिया जाए, वहीं उन्होंने सरकार से मांग की है कि भिलंग क्षेत्र के राजकीय स्वास्थ्य केंद्र पंज का नाम वीर सपूत रोहित के नाम किया जाए ताकि आने वाले समय पर रोहित को याद किया जाए
श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में नगर पंचायत अध्यक्ष आनंद बिष्ट, जिला पंचायत सदस्य विजय लाल, धनपाल बिष्ट, शौकीन भंडारी, अनिल चौहान, चन्द्रमोहन नौटियाल, केदार बर्त्वाल, यशवंत गुसाईं सहित अनेक जनप्रतिनिधि और हजारों ग्रामीण मौजूद रहे। पूरे क्षेत्र ने अपने वीर सपूत को नम आंखों से विदाई देते हुए उनकी शहादत को नमन किया।
